वर्ष 2022 में पंजाब भर्ती रैली से भी जुड़े हैं गिरोह के तार : एस.एस.पी.

punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2023 - 11:15 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): जिला मुख्यालय धर्मशाला के सिंथैटिक ट्रैक में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों को पैसे लेकर भर्ती करवाने का झांसा देने वाले आरोपी के तार वर्ष 2022 में पंजाब में विभिन्न स्थानों पर हुई भर्ती से भी जुड़े हैं। अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्यों का नैटवर्क हिमाचल ही नहीं बल्कि पंजाब, जम्मू और राजस्थान तक है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों पर अभ्यर्थियोंं से 20 से 35 हजार रुपए लेने का आरोप है। आरोपियों व अभ्यर्थियोंं की चैटिंग में 1 से 3 लाख रुपए के लेनदेन की भी बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एक आरोपी को धर्मशाला में ही पुलिस ने दबोच लिया था जोकि पंजाब के पठानकोट का निवासी है जबकि उसकी शिनाख्त के आधार पर अन्य आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की प्रॉपर्टी, गाडिय़ों और बैंक बैलैंस सहित दस्तावेजों की जांच में पुलिस टीम जुटी हुई है। जांच में कुछ शिक्षण एकैडमियांं भी शक के दायरे में आई हैं जिन पर जांच की जा रही है।

सोमवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान एस.पी. कांगड़ा शालिनी अग्रिहोत्री ने कहा कि इस मामले में किसकी और कितनी संलिप्तता रही है, यह जांच का विषय है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब और जम्मू के भी 8 लोगों को आईडंैटीफाई किया है। यह अंतर्राज्यीय गिरोह है तथा हिमाचल सहित पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली में भी सक्रिय है। पिछले वर्ष जालंधर, इंदौर और जम्मू में भर्ती रैली का आयोजन किया गया था, उनमें भी आरोपियों की संलिप्तता पाई जा रही है। मैडीकल दस्तावेजों से छेड़छाड़ के तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस इस मामले की सैकेंड लेयर तक पहुंची है, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, मामले में और भी गिरफ्तारियां होंगी। आरोपियों के ऑनलाइन बंैकिंग और यू.पी.आई. खाते भी सामने आए हैं जिनकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेना से भी कुछ रिकॉर्ड मांगा गया है।

यह था मामला
जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ  इंडिया) मैदान और इंडोर स्टेडियम धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे चरण के दौरान पुलिस ने साई परिसर के आसपास 23 जून को एक संदिग्ध को पकड़ा था। संदिग्ध व्यक्ति उम्मीदवारों से रिश्वत लेेकर भर्ती करवाने का झांसा दे रहा था। इस संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को दबोच लिया। आरोपी से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान राजस्थान के व्यक्ति का पता चला था जिसको 30 जून को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News