Shimla: विवादित मस्जिद को लेकर चरम पर पहुंचा तनाव, 3 मांगों को लेकर देवभूमि संघर्ष समिति का आमरण अनशन शुरू

punjabkesari.in Tuesday, Nov 18, 2025 - 06:54 PM (IST)

शिमला (अम्बादत्त): शिमला के संजौली क्षेत्र में विवादित मस्जिद को लेकर तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। देवभूमि संघर्ष समिति ने मंगलवार सुबह संजौली थाने के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया। समिति के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी 3 मुख्य मांगें पूरी नहीं होती, अनशन जारी रहेगा। गौर रहे कि बीते शुक्रवार को समिति के 6 सदस्यों जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं, पर दर्ज एफआईआर को वापस लेना, मस्जिद का बिजली-पानी कनैक्शन काटना और अदालत के आदेशानुसार पूरे अवैध ढांचे को तत्काल ध्वस्त करना शामिल है।

विवाद उस समय फिर उभर आया जब शुक्रवार को समिति ने अदालत द्वारा अवैध घोषित मस्जिद में बाहरी राज्यों से पहुंचे लोगों को नमाज पढ़ने से रोका। इस दौरान दोनों समुदायों के बीच कहासुनी हुई और कई लोग बिना नमाज पढ़े ही लौट गए। घटना के बाद संजौली पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में 6 लोगों को नामजद किया, जिसके बाद संघर्ष समिति खुलकर विरोध में उतर आई है। 

समिति के सह संयोजक मदन ठाकुर का आरोप है कि समिति के कार्यकर्त्ताओं पर मामला दर्ज कर उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है। वहीं पदाधिकारी विकास थापटा का कहना है कि नगर निगम आयुक्त द्वारा जारी मस्जिद गिराने के आदेश को जिला अदालत भी सही ठहरा चुकी है, इसके बाद भी अवैध ढांचा जस का तस खड़ा है और मस्जिद में गतिविधियां जारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News