तेलका-च्यूगली मार्ग पर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत...3 घायल

punjabkesari.in Saturday, Oct 15, 2022 - 06:19 PM (IST)

तेलका (इरशाद): तेलका-च्यूगली मार्ग पर च्यूगली के पास कैंची मोड़ पर एक बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 3 घायल हुए हैं। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार को बोलेरो (एचपी 01के-4086) तेलका से च्यूगली की तरफ जा रही थी। इसमें चालक समेत 4 लोग सवार थे। सुबह करीब 4 बजे जब बोलेरो च्यूगली के पास पहुंची तो कैंची मोड़ काटने के बाद चालक ने बोलेरो से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी लुढ़ककर दूसरी सड़क में पलट गई। हादसे में चालक सुनील कुमार व 2 अन्य को हल्की चोटें आईं जबकि रविंद्र कुमार (43) पुत्र नंद लाल निवासी गांव भड़ेई डाकघर पंताह उपतहसील तेलका गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की सूचना पुलिस चौकी तेलका को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तेलका के प्रभारी अरविंद कुमार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल हुए रविंद्र कुमार को अस्पताल भिजवाया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर पहुंचाया। वहीं घायल चालक सुनील कुमार व अन्य दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इसके अलावा चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 व 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News