Himachal: मनाली-लेह मार्ग बहाल, इस दिन से दौड़ेंगे वाहन
punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 06:57 PM (IST)

मनाली (सोनू): सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल कर दिया है। बीआरओ द्वारा सड़क बहाली करने के बाद डीसी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने अधिसूचना जारी कर मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। मंगलवार से इस मार्ग पर वाहन दौड़ना शुरू हो जाएंगे। हिमपात के चलते इस मार्ग पर दिसम्बर से वाहनों की आवाजाही बन्द थी। मनाली-लेह मार्ग बहाल होने से लेह-लद्दाख सीमा पर सेना की पहुंच आसान होगी।
बीआरओ ने श्रीनगर से जोजिला पास होकर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में लेह को सड़क से जोड़ दिया था। दूसरी ओर मनाली-दारचा से शिंकुला व पद्दुम निमो होते हुए मनाली को लेह से जोड़ दिया था। देशभर के पर्यटक मनाली-लेह मार्ग की बहाली का इंतजार कर रहे थे। मार्ग पर यातायात सुचारू होने से पर्यटन को गति मिलेगी और पर्यटन स्थल सरचू में 5 महीने बाद रौनक लौटेगी।
इस बार दिसम्बर व जनवरी की अपेक्षा फरवरी, मार्च व अप्रैल में अधिक हिमपात हुआ है, जिस कारण एक माह बाद मार्ग बहाल हुआ है। बीआरओ ने गत वर्ष इस मार्ग को अप्रैल में बहाल कर दिया था। डीसी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि वाहनों को सरचू तक जाने की अनुमति दे दी गई है। मंगलवार से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।