जंगल में पेड़ से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, फैली सनसनी
punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2020 - 11:46 PM (IST)

जयसिंहपुर (ब्यूरो): पुलिस थाना लम्बागांव के अंतर्गत हारसीपत्तन के समीप काथला में मंगलवार शाम को पेड़ के साथ लटका हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार काथला में ब्यास नदी के साथ लगते जंगली क्षेत्र में किसी अनजान व्यक्ति का शव पेड़ के साथ लटका हुआ देखा गया। मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। लोगों के अनुसार शाम के समय काथला का एक व्यक्ति दरिया की ओर जा रहा था तभी जंगली क्षेत्र में उसने पेड़ पर लटका शव देखा। व्यक्ति के द्वारा शोर मचाने पर नजदीक में साग इकट्ठा रही महिलाएं भी वहां पहुंचीं व पंचायत उपप्रधान को इसकी सूचना दी। पंचायत उपप्रधान महिन्द्र रियालच द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति पिछले एक सप्ताह से इसी क्षेत्र में घूम रहा था। करीब 4 दिन पहले उसने एक दुकान से 10 रुपए के चावल, 10 रुपए की दाल व एक मैगी खरीदी थी। यह सामान खरीदने के बाद उसके पास पैसे खत्म हो गए थे व दुकानदार से माचिस फ्री में ली थी। शव के आंखों और कान में मक्खियां लग गई हैं जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह 3-4 दिन पहले पेड़ से लटका होगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस पार्टी घटना स्थल पर जांच में जुटी हुई थी। मामले की पुष्टि डीएसपी बैजनाथ ने करते हुए बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है व मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।