Kangra: प्रदेश में पंचायती राज चुनाव ड्यूटी मानदेय और भत्तों में वृद्धि, नई दरें लागू
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 07:30 PM (IST)
डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा ने अधिसूचना जारी करते हुए चुनावी ड्यूटी पर तैनात होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के मानदेय तथा अन्य खर्चों के नियमों में बड़ा संशोधन किया है। नए निर्देशों के अनुसार अब चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान दलों और सुरक्षा कर्मियों के दैनिक आहार भत्ते में दोगुने से भी अधिक की बढ़ौतरी कर दी गई है। अब तक मिलने वाले 100 रुपए के स्थान पर कर्मियों को 225 प्रतिदिन के हिसाब से आहार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रशासन की ओर से जारी इस नई नियमावली में न केवल खान-पान बल्कि यात्रा और वाहन रखरखाव के खर्चों को भी मौजूदा जरूरतों के हिसाब से संशोधित किया गया है। चुनावी ड्यूटी के दौरान उपयोग किए जाने वाले वाहनों की मामूली मुरम्मत के लिए निर्धारित राशि को भी बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया के दौरान तैनात रहने वाले एआरओ और पीठासीन अधिकारियों को मिलने वाली आकस्मिक राशि को भी दोगुना कर दिया गया है। यात्रा व्यय के बदले दी जाने वाली पारिश्रमिक राशि के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार नई दरें तय की गई हैं, जिनमें आरक्षित ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान रखे गए हैं।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गणना दल के लिए आहार राशि तभी मान्य होगी जब मतगणना की प्रक्रिया 4 घंटे से अधिक समय तक चलती है। यदि मतगणना का समय इससे कम रहता है तो केवल अल्पाहार की ही व्यवस्था की जाएगी। कार्यालय में देर शाम तक काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी अल्पाहार की दरों को जिला प्रशासन के मानकों के अनुरूप तय किया गया है। जिला कांगड़ा के समस्त खंड विकास अधिकारियों को इन नए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया में लगे किसी भी कर्मचारी को वित्तीय असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संदर्भ में जिले के समस्त खंड विकास अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

