दिल्ली से लौटीं प्रतिभा सिंह ने घेरी केंद्र सरकार, प्रदेश भाजपा पर भी साधा निशाना

punjabkesari.in Wednesday, Oct 11, 2023 - 05:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): दिल्ली में आयोजित हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक में भाग लेकर वापस शिमला पहुंची कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार को घेरने के साथ ही प्रदेश भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित हिमाचल के साथ केंद्र की भाजपा सरकार भेदभाव कर रही है, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतिभा सिंह ने बुधवार को अनौपचारिक बातचीत में कहा कि भाजपा महंगाई पर लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार के तानाशाही निर्णयों व नीतियों से देश में महंगाई व बेरोजगारी बढ़ी है।

भाजपा से विरासत में मिला 70 हजार करोड़ से ऊपर का कर्ज व 10 हजार करोड़ की देनदारियां
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार ने जिस प्रकार से सरकारी खजाने को खाली किया वह किसी से छुपा नहीं है। 70 हजार करोड़ से ऊपर का कर्ज व 10 हजार करोड़ की देनदारियां प्रदेश कांग्रेस सरकार को भाजपा से विरासत में मिली हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश प्राकृतिक आपदा के चलते विकट आर्थिक स्थिति से गुजर रहा है जबकि दूसरी तरफ भाजपा नेता राहत के नाम पर झूठी बयानबाजी कर राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने भी प्रदेश की ओर अपनी पूरी आंखें मूंद रखी हैं। उन्होंने कहा कि आपदा पर भाजपा का दोहरा चरित्र है। 

विपक्ष को दी ये सलाह
प्रतिभा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित लोगों के लिए 4500 करोड़ का राहत कोष स्थापित कर एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। कांग्रेस सरकार प्रभावित लोगों की पीड़ा को भलीभांति समझती है। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी है कि उन्हें प्रदेश में राहत, प्रभावित लोगों के पुनर्वास के साथ-साथ भूस्खलन से ध्वस्त हुई सड़कों, पुलों व भवनों के पुनर्निर्माण में प्रदेश सरकार को पूरा सहयोग देना चाहिए। 

ऊल-जलूल बयानबाजी से कुछ हासिल नहीं होगा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के भाजपा सांसदों व नेताओं को प्रधानमंत्री से मिल कर राज्य में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करवाकर विशेष आर्थिक मदद की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि भाजपा को ऊल-जलूल बयानबाजी से कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। प्रदेश की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है और आने वाले लोकसभा चुनावों में भी उसे प्रदेश में हार का मुंह देखना पड़ेगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News