दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिला कांग्रेस विधायक दल, मंत्रिमंडल को लेकर शॉर्टलिस्ट हुई सूची

punjabkesari.in Thursday, Dec 15, 2022 - 10:17 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल मंत्रिमंडल को लेकर जारी खींचतान के बीच प्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने वीरवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ ही सभी पार्टी विधायक मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों को जीत की बधाई देने के साथ ही एकजुट होकर चलने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए वायदों को पूरा करे और प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाए। यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिल्ली स्थित आवास में हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलाया। 

कांग्रेस में मंत्री पद को लेकर घमासान
गौर हो कि कांग्रेस में मंत्री पद को लेकर घमासान मचा हुआ है। इसी कड़ी में कई विधायक बीते कुछ दिनों से दिल्ली में डटे हुए हैं और केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर अपनी गोटियां फिट करने में लगे हुए हैं। सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के बीच भी बैठक हुई है। इसके साथ ही मंत्रियों की दौड़ में शामिल चेहरों की सूची को भी शॉर्टलिस्ट किए जाने की सूचना है, जिस पर अब शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा से लौटने के बाद पार्टी हाईकमान मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के साथ बैठक करेगा। देखा जाए तो पार्टी हाईकमान यह पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि सरकार व संगठन में पूरा संतुलन बनाया जाएगा। इसके साथ ही सभी को तरजीह दी जाएगी।

सोनिया गांधी से मिलीं प्रतिभा सिंह
कांग्रेस में मंत्रिमंडल को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की। सूचना के अनुसार विधायक विक्रमादित्य सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहे। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने अपना पक्ष सोनिया गांधी के समक्ष रखा और चुनावी रिपोर्ट भी सौंपी। प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री की रेस में शामिल थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत की पार्टी हाईकमान अनदेखी नहीं कर सकता। 

भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेगा विधायक दल
कांग्रेस विधायक दल शुक्रवार को राजस्थान के अलवर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगा। इसी कड़ी में वीरवार को कांग्रेस विधायक पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शाम को जयपुर के लिए रवाना हुआ। सूचना के अनुसार विधायक वोल्वो बस से रवाना हुए। विधायकों के शुक्रवार शाम को ही वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। 

अपने-अपने नेताओं को आगे लाने के प्रयास
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री चयन के बाद मंत्रिमंडल के गठन पर सभी की नजरें टिकी हैं। सूत्रों के अनुसार होलीलॉज प्रयासरत है कि अपने खेमे से अधिक से अधिक चेहरों को मंत्री पद पर बिठाया जाए। इसी तरह मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी अपने चहेतों को आगे लाना चाह रहे हैं। ऐसे में मामला उलझा हुआ है। 

कांग्रेस चलाएगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस अब हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी। सूचना के अनुसार दो माह तक चलने वाला अभियान 3 चरणों में पूरा होगा। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आगामी 23 दिसम्बर को सभी राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों, प्रदेश प्रभारी व सह प्रभारियों के साथ दिल्ली में बैठक करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला व सह प्रभारी संजय दत्त इस बैठक में भाग लेंगे। हिमाचल में यह अभियान कैसे चलेगा, इसको लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी के अनुसार पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के वीडियो दिखाए जाएंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में महिला मार्च भी निकाला जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News