Himachal : कांग्रेस विधायक के छोटे भाई का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार; CM सुक्खू ने जताया दुख
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 04:30 PM (IST)
Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां नालागढ़ से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह बावा के छोटे भाई रमनदीप सिंह बावा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वहीं, रमनदीप के निधन की सूचना मिलते ही पूरे विधानसभा क्षेत्र और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
विधायक हरदीप सिंह बावा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से इस अपूरणीय क्षति की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई रमनदीप सिंह बावा, जो पिछले करीब 9 वर्षों से कोमा जैसी स्थिति में संघर्ष कर रहे थे, आज उनका निधन हो गया है। उन्होंने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
CM सुक्खू ने जताया गहरा दुख
इधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी रमनदीप सिंह बावा के निधन पर गहरा दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, "नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा जी के छोटे भाई रमनदीप सिंह बावा जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। रमनदीप जी का अचानक हमारे बीच से जाना अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। मेरी गहरी संवेदनाएं हरदीप जी और उनके परिवार के साथ हैं।"

