Himachal: चुराह के विधायक डॉ. हंसराज को मिली जान से मारने की धमकी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 06:53 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. हंसराज को जान से मारने की धमकी मिली है। विधायक ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार डॉ. हंसराज अपने वाहन में सवार होकर अपने ही विधानसभा क्षेत्र कैंथली से एक निर्धारित कार्यक्रम के लिए गुजर रहे थे। इसी दौरान लढान कोहाल के निवासी छेच्छ ठाकुर ने जबरन उनका रास्ता रोक लिया। उनके साथ हिंसक व्यवहार करना शुरू कर दिया। आरोपी का गुस्सा इस कदर था कि उसने विधायक की गाड़ी को बम से उड़ाने की भी धमकी दे डाली।
डॉ. हंसराज ने ई-मेल के माध्यम से शिकायत पत्र पुलिस थाना तीसा भेजा है। इसमें उन्होंने पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने उनके ड्राइवर को भी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी छेच्छ ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डॉ. हंसराज ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की तत्काल मांग की है।
डॉ. हंसराज ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो उसका सीधा जिम्मेदार छेच्छ ठाकुर होगा। विधायक हंसराज पूर्व में विधानसभा उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनको मिली धमकियों से अब राजनीति भी गर्मा गई है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

