धर्मशाला नगर निगम चुनाव: 9 चेहरों पर फैसला नहीं ले पाई कांग्रेस, पहले दिन 6 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 07:23 PM (IST)
धर्मशाला (जिनेश): नगर निगम धर्मशाला के चुनाव को लेकर वीरवार को भाजपा अपने पत्ते खोलेगी। वहीं कांग्रेस 9 वार्डों पर चेहरे साफ करने को लेकर बुधवार को भी फैसला नहीं ले पाई है। पहले बताया जा रहा था कि बुधवार को बाकी बचे 9 चेहरों पर भी पार्टी अंतिम फैसला ले लेगी, लेकिन सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की तरफ से भी बाकी बचे उम्मीदवारों के नाम वीरवार को जारी किए जाएंगे। कांग्रेस के कुल 8 उम्मीदवारों में से पहले दिन 6 ने अपने पर्चे दाखिल किए हैं। पहले दिन कांग्रेस की तरफ से पूर्व मेयर नीनू शर्मा, शैलजा, बबीता ओबराय, सुदेश कुमार, अनुराग और बबीता शर्मा ने नामांकन भरा। वहीं वार्ड नंबर 12 से स्वर्णा और वार्ड नंबर 15 से कांग्रेस की उम्मीदवार रजनी व्यास ने नामांकन नहीं भरा।
सूत्रों की मानें तो हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश चुनाव समिति की अहम बैठक में मंथन के बाद बाकी बचे नामों पर अंतिम मुहर लग जाएगी और वीरवार को नामों की घोषणा पार्टी कर देगी। वहीं दूसरी ओर भाजपा में भी नगर निगम चुनावों को लेकर मंथन बुधवार को भी जारी रहा। भाजपा जिला कांगड़ा अध्यक्ष सचिन शर्मा की मानें तो वीरवार तक पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम जारी करेगी। जानकारी के अनुसार नगर निगम चुनाव के लिए मतदान 17 मई को होगा। नामांकन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होकर 2 मई तक चलेगी। वोटों की गिनती 31 मई को होगी।
उधर, एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन ने बताया कि नामांकन के पहले दिन 6 नामांकन भरे गए हैं। जानकारी के अनुसार कांग्रेस व भाजपा से संभावित उम्मीदवारों को पहले ही अपने नामांकन के लिए जरूरी दस्तावेजों को तैयार करने के लिए दोनों ही पार्टियों ने कह दिया है। वहीं भाजपा व कांग्रेस के दर्जनों संभावित उम्मीदवार बुधवार को भी दस्तावेज बनाने में लगे रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

