हिमाचल कांग्रेस की कार्यकारिणी का जल्द होगा गठन, राठौर बोले-इन लोगों को मिलेगा स्थान

punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2019 - 04:30 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): हिमाचल कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन को लेकर कांग्रेस क्राइटेरिया तय करने जा रही है। कांग्रेस कार्यकारिणी में जहां क्षेत्रीय संतुलन बनाएगी, वहीं युवा को जगह देने के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को भी शामिल करेगी। क्राइटेरिया तय करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर जल्द ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ चर्चा करेंगे और कार्यकारिणी में किन लोगों को जगह दी जाए और कैसा स्वरूप होगा, इस पर मंथन किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि केवल नेताओं को खुश करने के लिए पद नहीं बांटे जाएंगे बल्कि ऐसे लोगों को कार्यकारणी में जगह दी जाएगी, जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया और संगठन को समय देंगे।

वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं से भी ली जा रही राय

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कार्यकरिणी के गठन को लेकर वरिष्ठ नेताओं से बात की जा रही है और कार्यकर्ताओं से भी राय ली जा रही है। कार्यकारिणी के गठन के लिए क्राइटेरिया फिक्स किया जाना है, इसको लेकर जल्द ही कांग्रेस प्रभारी के साथ चर्चा की जाएगी और कार्यकारिणी में क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा जाएगा, साथ ही कांग्रेस आलाकमान ने छोटी कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए हंै। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी में नेताओं को खुश करने के लिए पद नहीं दिए जाएंगे बल्कि आम कार्यकर्ता जो पार्टी के लिए काम कर रहे हैं,उन्हें तरजीह दी जाएगी। कार्यकारिणी में यवाओं के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को भी जगह दी जाएगी।

अभी दिल्ली में हो रही रैली पर रहेगा कांग्रेस का फोकस

उन्होंने कहा कि अभी फिलहाल दिल्ली में 14 दिसम्बर को हो रही रैली पर फोकस किया जा रहा है और रैली के बाद जल्द ही कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा हमारा प्रयास ये रहेगा कि जल्द कार्यकारिणी का गठन किया जाए और काफी लम्बे समय से प्रदेश में सदस्यता अभियान नहीं चला है ताकि उसको भी जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।

सोनिया गांधी ने भंग की थी कार्यकारिणी

बता दें कि कुछ समय पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को छोड़ कर अन्य सभी कार्यकारणी को भंग कर दिया था, जिसके बाद अभी तक प्रदेश में नई कार्यकारणी बनाने को लेकर पार्टी का मंथन जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News