हिमाचल में सत्ता-संगठन से जुड़े मसलों पर चंडीगढ़ में कांग्रेस की बैठक, जानिए क्या लिए बड़े फैसले

punjabkesari.in Wednesday, Mar 27, 2024 - 10:38 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में सत्ता-संगठन के बीच तालमेल को लेकर कांग्रेस हाईकमान द्वारा गठित समन्वय समिति की बैठक बुधवार को चंडीगढ़ में हुई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने की जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनी राम शांडिल, पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर और पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर सहित अन्य नेता बैठक में मौजूद रहे। बैठक में सत्ता-संगठन से जुड़े कई मसलों पर चर्चा हुई और निर्णय लिया गया कि सभी एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेंगे। राजीव शुक्ला ने बैठक में स्पष्ट किया कि आगामी लोकसभा चुनाव और 6 विधानसभा में होने वाले उपचुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। जीत से ही पार्टी की साख बचेगी और प्रदेश की सरकार भी।

मंडी से प्रतिभा सिंह को ही चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी
वहीं सूत्रों के अनुसार मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को ही चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी है, जबकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस टिकट आबंटन में चौंकाने वाला निर्णय ले सकती है। बैठक में राजीव शुक्ला ने तल्ख तेवर दिखाते हुए कहा कि मनमुटाव व मतभेद भुलाकर पार्टी की मजबूती के लिए एक साथ आगे बढ़ें। सूत्रों के अनुसार बैठक में एक नेता ने प्रदेश में उत्पन्न हुए राजनीतिक संकट का मामला भी उठाया। तर्क था कि इसके पीछे अपनी गलतियां रही हैं। यदि समय रहते कदम उठाए होते तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती। इस मसले पर कुछ अन्य नेताओं ने भी तल्खी दिखाई। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि सभी पहलुओं को देखते हुए प्रोफैशनल तरीके से आगे बढ़ाना होगा और सभी काे साथ लेकर चलना होगा।

समिति को विश्वास में लिया जाए, 15 दिनों में एक बार हो बैठक
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकार व संगठन में होने वाली नियुक्तियों से पहले समन्वय समिति को विश्वास में लिया जाए ताकि किसी तरह का विरोधाभास न रहे। सूत्र बताते हैं कि बैठक में समन्वय समिति की बैठक 15 दिनों के भीतर एक बार आयोजित किए जाने पर चर्चा हुई, ताकि समय रहते हर मसले का हल निकाला जा सके। इसके साथ ही समिति में कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किए जाने पर चर्चा हुई।

भाजपा के बागियों पर कांग्रेस की नजर
कांग्रेस के बागी नेताओं को उपचुनाव का टिकट देने के बाद जिस तरह का माहौल भाजपा में बना हुआ है, उस पर सत्ताधारी दल पूरी नजर बनाए हुए है। सूत्रों के अनुसार इसके तहत भाजपा से बगावत कर चुके कुछ नेता कांग्रेस के संपर्क में भी हैं और उनके नामों पर समन्वय समिति की बैठक में भी चर्चा हुई है। हालांकि पार्टी पहले लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी घोषित करेगी और उसके बाद विधानसभा उपचुनाव के लिए सर्वेक्षण करवाया जाएगा।

6 के 6 उपचुनाव जीतेगी कांग्रेस : सुक्खू
वहीं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंडीगढ़ में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस विधानसभा उपचुनाव की सभी 6 की 6 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि सत्य की जीत होगी, जनबल की जीत होगी। पैसे के लिए जनादेश बेचने वालों को देवभूमि की जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर भी सरकार कमर कस चुकी है। कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है और जल्दी ही लोकसभा के प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं।

अब हाईकमान को लेना है फैसला : प्रतिभा सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि बैठक में कई मसलों पर चर्चा हुई है। निर्णय लिया गया है कि सभी को सरकार को मजबूत करना है और जो बादल मंडरा रहे हैं, उन्हें दूर करना है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि किन कारणों से उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने को इंकार किया है, इस संबंध में हाईकमान को अवगत करवाया गया है। कई मसलों पर फैसले लिए गए हैं, जबकि कुछ पर फैसले लिए जाने हैं। ऐसे में अब हाईकमान को ही निर्णय लेना है।

भाजपा के पास दम वाले नेता नहीं : शुक्ला
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने मीडिया से कहा कि समन्वय समिति की बैठक में सत्ता-संगठन के साथ ही आगामी चुनाव पर चर्चा हुई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के पास तो कोई नेता दम वाला नहीं है, ऐसे में वह कांग्रेस पर नजर लगाए हुए है। कांग्रेस विशाल समुद्र है, यहां भरपूर नेता हैं। किसी के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। कांग्रेस एकजुट है और चुनाव में बेहतर प्रर्दशन करते हुए पार्टी जीत हासिल करेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News