मैं न ब्लैकमेलिंग से डरता हूं, न सरकार खतरे में है : सुक्खू

punjabkesari.in Saturday, Mar 02, 2024 - 11:50 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं न तो ब्लैकमेलिंग से डरता हूं और न ही सरकार खतरे में है। उन्होंने कहा कि सरकार को गिराने के लिए भाजपा की तरफ से रचा गया षड्यंत्र सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी ने अपने ईमान को बेचा है। मुख्यमंत्री ने मीडिया में दिए अपने साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को लगाने के विषय में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कभी लिखकर नहीं दिया। ऐसे में यह बात कहां से सामने आई पता नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की प्रतिमा को रिज मैदान पर लगाया जाता है और राज्य स्तर की प्रतिमा लेडीज पार्क में लगती है। उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि मेरे साथ विधायकों का समर्थन था, इसलिए मुझे मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला। इसके अलावा प्रतिभा सिंह के पास विधायक संख्या नहीं थी। 

हमारी सरकार 5 वर्ष चलेगी, पश्चाताप कर रहे बिकाऊ एमएलए 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार 5 वर्ष चलेगी। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने भाजपा का साथ दिया ऐसे बिकाऊ एमएलए पश्चाताप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे मन में किसी तरह का बैर नहीं है तथा माफ करने में भी कोई एतराज नहीं है, लेकिन इस पर निर्णय विधायक दल करेगा। 

हाथ के चिन्ह पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ा 
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने हाथ के चिन्ह पर पिछला चुनाव लड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमारे सम्मानित नेता थे, जिनके साथ कभी मनमुटाव नहीं रहा। बस उनसे तर्क-वितर्क होते थे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कोई वीरभद्र धड़ा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी का आभार जताया कि इस समय में उनका पूरा समर्थन मिला है। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News