सीएम सुक्खू ने कसौली को दी करोड़ों की सौगात, सुबाथू को डिग्री कॉलेज का तोहफा

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 10:34 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कसौली विधानसभा क्षेत्र के एकदिवसीय दौरे के दौरान शुक्रवार को 88.78 करोड़ रुपए की 13 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। वहीं उन्होंने कसौली क्षेत्र में जल शक्ति विभाग का मंडल तथा सुबाथू में डिग्री काॅलेज खोलने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने मंडोधार में 12.69 करोड़ रुपए से निर्मित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सब्जी मंडी धर्मपुर में 72 लाख रुपए से निर्मित एपीएमसी विश्राम गृह और बड़ोग, बोहली व भोजनगर बस्तियों के लिए 8.01 करोड़ रुपए की उठाऊ जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने 18.83 करोड़ की लागत से धर्मपुर से कठनी सड़क के उन्नयन कार्य, 9.40 करोड़ रुपए से गम्भर पुल से ममलीग सड़क के उन्नयन कार्य, 11.29 करोड़ रुपए से लौहांजी से काटल-कठार-मड़ी का घाट सड़क के उन्नयन, 10.01 करोड़ रुपए से सुखी जोहड़ी-कडां-काटल का बाग सड़क के सुधार कार्य, 1.55 करोड़ रुपए से गांव भनेत के सम्पर्क मार्ग, 1.33 करोड़ रुपए से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर की विज्ञान प्रयोगशाला, 1.20 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना सुधार हरिपुर, 1.61 करोड़ रुपए लागत के ग्राम पंचायत भवन सुल्तानपुर, 12.14 करोड़ रुपए लागत की परवाणू टाऊनशिप और हिम ईरा शॉप मार्ट जाबली में औद्योगिक सड़कों के उन्नयन कार्यों के शिलान्यास किए। इस अवसर पर  इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह, जोगिन्द्रा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, कसौली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सेठी, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे। 

कुछ लालची लोगों ने लोकतंत्र का गला घोंटा : धनीराम शांडिल
स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने कहा कि लोकतंत्र बलिदानों से मिला है और लोकतंत्र संविधान के अनुरूप चलना चाहिए। कुछ लालची लोगों ने लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया, जिसका मुंह तोड़ जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुबह का भूला शाम को घर वापस आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते।

सत्ता के भूखे लोगों ने लाेकतंत्र की उड़ाईं धज्जियां : राम कुमार
सीपीएस चौधरी राम कुमार ने कहा कि सत्ता के भूखे लोगों ने लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ईमानदारी से लोगों की सेवा कर रहे हैं और सरकार पूरे 5 साल तक चलेगी। पिछले 14 माह में सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। मुख्यमंत्री सभी विधायकों द्वारा बताए गए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रहे हैं।

सभी गारंटियां पूरी होंगी : संजय अवस्थी
सीपीएस संजय अवस्थी ने कहा कि भाजपा को साधारण परिवार से बना मुख्यमंत्री पसंद नहीं आ रहा है। धन-बल से सरकार को अस्थिर कर सत्ता को हथियाने की कोशिश की गई, जो निंदनीय है। इससे पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ है। 14 माह में सरकार ने 4 चुनावी गारंटियां पूरी की हैं और आने वाले समय में सभी गारंटियां चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी।

मैं बिकाऊ नहीं हूं : विनोद सुल्तानपुरी
विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि कसौली का विधायक बिकाऊ नहीं है। हम सभी हिमाचल के स्वाभिमान को बनाकर रखेंगे। कुछ साथियों ने धोखा दिया है, लेकिन आज सभी विधायक मुख्यमंत्री के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News