Himachal: लंदन से लौटे सीएम सुक्खू, दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से करेंगे मुलाकात
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 08:03 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू लंदन से वापस लौट आए हैं। वह बीते शनिवार रात को लंदन से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। नई दिल्ली पहुंचने पर राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री अपनी बेटी की एडमिशन करवाने के लिए लंदन गए थे। वहीं मुख्यमंत्री का सोमवार को दिल्ली में कुछ केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम बताया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री सोमवार दोपहर बाद वापस प्रदेश लौट सकते हैं। वह पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से भी दिल्ली में मुलाकात कर सकते हैं।
बता दें कि प्रदेश में बीते नवम्बर से कांग्रेस की प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी भंग चल रही हैं। ऐसे में इस विषय पर वह प्रदेश प्रभारी से चर्चा कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश से जुड़े विभिन्न मसलो पर वह केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। लंदन से नई दिल्ली लौटने पर रविवार को मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों से संपर्क कर पूरा अपडेट लिया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर भी लंदन गई थीं।
अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटने के बाद सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आगामी दिशा-निर्देश जारी करेंगे।
कुल्लू दशहरा का निमंत्रण दिया
अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने रविवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को कुल्लू दशहरा का निमंत्रण दिया। इसके साथ ही कई अन्य नेताओं ने भी दिल्ली में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।