Shimla: CM सुखविंदर सिंह सुक्खू की बेटी को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में मिला दाखिला
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 05:17 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक संजय अवस्थी ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी बेटी का दाखिला लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में करने के लिए विदेश गए हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विश्व के टॉप-5 विश्वविद्यालयों में इसका नाम आता है, जिससे हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने एलएल.एम. की परीक्षा पास की है और कठिन प्रवेश प्रक्रिया के बाद यहां दाखिला मिलता है। संजय अवस्थी यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुंठित मानसिकता वाले लोग आधारहीन बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिनके अपने परिवार होते हैं, उनको इस तरह की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी पत्नी व विधायक कमलेश ठाकुर के साथ अपनी बेटी का दाखिला करवाने लंदन गए हैं। उनका 27 सितम्बर को लंदन से दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। उसके बाद 28 सितम्बर को मुख्यमंत्री का अपने गृह क्षेत्र नादौन में एक विवाह समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है। नादौन के बाद वह 29 सितम्बर को शिमला के नजदीक मशोबरा के फेयर लॉन स्थित डा. मनमोहन सिंह हिमाचल लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कंगना रणौत के बयानों में परिपक्वता नहीं
संजय अवस्थी ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद कंगना रणौत के बयानों में परिपक्वता नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी वह बयान देती हैं तो कोई न कोई विवाद अवश्य होता है। उन्होंने कहा कि यदि सांसद में राजनीतिक परिपक्वता होती तो वह आधारहीन बयानबाजी नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सांसद का बयान आया था कि उनके रेस्तरां में 50 रुपए की भी सेल नहीं हुई है। इससे लगता है कि उनको राजनीति में लोगों की सेवा करने की बजाय अपने व्यापार की ज्यादा चिंता है।