Shimla: दीपावली पर राजभवन पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, राज्यपाल को दीं शुभकामनाएं
punjabkesari.in Sunday, Oct 19, 2025 - 06:55 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दीपावली के पावन अवसर पर रविवार को राजभवन जाकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर भी उनके साथ मौजूद थीं। इसके अलावा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दीपावली की पूर्व संध्या पर अपनी पत्नी लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल के साथ शिमला के विख्यात जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की बधाई
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि यह रोशनी का त्यौहार बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दीपावली का त्योहार न केवल घरों को, बल्कि हमारे मन और समाज को भी रोशनी से भर देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति, सौहार्द और एकता का संदेश फैलाने तथा एक समृद्ध और उज्ज्वल प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह पर्व हमें प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से इस पर्व को आपसी मेल-जोल की भावना के साथ मनाने का आग्रह किया ताकि सबके जीवन में खुशियों का प्रकाश फैले।
विधानसभा अध्यक्ष और प्रतिभा सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी दी बधाई
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी प्रदेशवासियों को दीपों के पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भावना का प्रतीक है। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार सहित अन्य नेताओं ने भी प्रदेश की जनता को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।