कंगना के सवाल पर बोले CM जयराम, हिमाचल में सुदृढ़ किया जाएगा पर्यटन-सड़क नैटवर्क

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 11:38 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उपलब्ध पर्यटन क्षमता को विकसित करने के लिए उच्च प्राथमिकता दे रही है। इसके अतिरिक्त सड़क नैटवर्क को सुदृढ़ किया जाएगा जो पहाड़ी राज्यों की जीवन रेखा है। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान अभिनेत्री कंगना रणौत के प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल को प्रकृति ने नैसर्गिक सौंदर्य से नवाजा है, जिसके कारण राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल राजस्व अर्जित करने में मदद मिलती है बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने पूरे देश के लोगों से धार्मिक, ऐतिहासिक तथा साहसिक पर्यटन के लिए प्रदेश आने का आग्रह किया। 

पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जाएंगे हरसंभव प्रयास 
मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरदराज क्षेत्रों के ऐसे रमणीक स्थलों को स्वास्थ्य एवं स्वस्थ पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित कर रही है जो पर्यटन की अपार संभावना होने के बावजूद अभी तक अनछुए हैं। ऐसे गंतव्यों में बेहतर अधोसंरचना तथा सुविधाएं प्रदान कर विकसित किया जा सकता है ताकि सभी प्रकार के सैलानियों को प्रदेश की तरफ आकर्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए हवाई सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी कार्य कर रही है तथा हैलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन के लिए निजी निवेश को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। 

सड़क सुविधा से वंचित गांवों के लिए बनेगी योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 62 नए घोषित उच्च मार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डी.पी.आर)को तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है तथा वर्तमान में प्रदेश में 4400 किलोमीटर लंबे 69 उच्च मार्ग हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शेष बचे पंचायत मुख्यालयों को सड़क से जोडऩे के लिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा से वंचित गांवों को सड़क से जोडऩे के लिए योजना तैयार की जाएगी।

सम्मेलन में ये रहे मौजूद 
केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, कृषि मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय, सांसद अनुराग ठाकुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सदस्य डा. रचना गुप्ता तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News