मंत्रिमंडल विस्तार व फेरबदल की संभावनाओं के बीच दिल्ली पहुंचे CM जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Nov 19, 2019 - 09:35 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की संभावनाओं के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं। यहां पर उनकी केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मंत्रणा करने की संभावना है। इस दौरान मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार और फेरबदल के अलावा अन्य संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। मौजूदा समय में प्रदेश मंत्रिमंडल में 2 स्थानों को भरा जाना है जो अनिल शर्मा के इस्तीफे और किशन कपूर के सांसद बनने के कारण खाली हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार इसके लिए कुछ मुद्दों पर आलाकमान से चर्चा होगी। पहला यह कि जिस जिले से मंत्री पद खाली हुआ है, वहां से ये रिक्तियां भरी जाएं। यदि ऐसा होता है तो कांगड़ा और मंडी जिला से एक-एक को मंत्री बनाया जा सकता है। दूसरा यह कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के अलावा मौजूदा मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल किया जाए। इसके अलावा यदि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए तो विकल्प के तौर पर नया विधानसभा अध्यक्ष किसे बनाया जाए, इस पर भी चर्चा की संभावना है।

इसी तरह अगले माह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव होने हैं, ऐसे में जिस जिला से प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया जाना है, उस जिला या संसदीय क्षेत्र में मंत्री पद पर कट लग सकता है। इस बीच प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चाओं के बीच विधानसभा अध्यक्ष डॅा. राजीव बिंदल भी दिल्ली पहुंचे हुए हैं और उन्होंने भी अपने विधानसभा क्षेत्र नाहन से संबंधित विषयों को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News