Himachal: आचार संहिता के बीच CM सुक्खू ने 22 मई को बुलाई कैबिनेट बैठक, चुनाव आयोग की मंजूरी से लिए जाएंगे बड़े फैसले
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:11 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में चल रही शहरी निकाय और पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 22 मई को राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हॉल में सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में आदर्श चुनाव आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए, चुनाव आयोग की पूर्व सहमति से कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और जनहित के फैसले लिए जा सकते हैं। इस बैठक की विस्तृत कार्यसूची सरकार द्वारा बाद में जारी की जाएगी।
निकाय और पंचायत चुनावों के बीच होगी बैठक
यह कैबिनेट बैठक चुनावी सरगर्मियों के बीच हो रही है। बैठक से पहले 17 मई को प्रदेश में 51 शहरी निकायों के लिए मतदान होगा। इनमें 4 नगर निगम (सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी), 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतें शामिल हैं। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान के तुरंत बाद उसी दिन होगी, जबकि 4 नगर निगमों के नतीजे 31 मई को आएंगे। वहीं, कैबिनेट बैठक के बाद राज्य में 26, 28 और 30 मई को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होंगे। पंचायतों की मतगणना मतदान वाले दिन ही होगी, जबकि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद की मतगणना 31 मई को रखी गई है।
CM सुक्खू दिल्ली रवाना, केरल में शपथ ग्रहण में होंगे शामिल
इधर, कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह रविवार को दिल्ली से केरल जाएंगे। मुख्यमंत्री 18 मई (सोमवार) को केरल के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे, जहां हाल ही में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है।
मंत्रिमंडल विस्तार और बोर्ड-निगमों में ताजपोशी पर मंथन संभव
अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं (हाईकमान) से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान सत्ता और संगठन से जुड़े कई अहम विषयों पर मंथन होगा। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री आगामी समय में हिमाचल में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और विभिन्न निगमों-बोर्डों में खाली पदों पर नई ताजपोशी को लेकर दिल्ली में आलाकमान से हरी झंडी ले सकते हैं।

