Shimla: नई दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के बीच हवाई सेवाएं शुरू

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 05:48 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): नई दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के बीच हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। साढ़े 7 माह बाद इन रूटों पर हवाई सेवाएं पुन: बहाल हो गई हैं। बीते रविवार को खराब मौसम व धुंध के कारण नई दिल्ली-शिमला के बीच फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई थी, लेकिन सोमवार को उचित विजिबिलिटी होने के चलते हवाई सेवाएं शुरू करने में सफलता हासिल की। एलायंस एयर की फ्लाइट नई दिल्ली से सुबह 7.20 बजे रवाना होकर शिमला सुबह 8.35 बजे पहुंची। शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने पर इसका स्वागत वाटर कैनन सैल्यूट से किया गया। इसी के साथ लंबे समय बाद शिमला के एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होनेे पर शिमला एयरपोर्ट में कार्यरत अधिकारियों व स्टाफ ने खुशी जाहिर की। हालांकि नई दिल्ली-शिमला के बीच हवाई सेवाएं बीते रविवार को शुरू होनी थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण यह फ्लाइट रद्द करनी पड़ी थी।

शिमला एयरपोर्ट से धर्मशाला के समीप गग्गल एयरपोर्ट के लिए एलायंस एयर की फ्लाइट ने सुबह 9 बजे उड़ान भरी और 9.50 बजे गग्गल एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद धर्मशाला के गग्गल एयरपोर्ट से सुबह 10.15 बजे रवाना होकर सुबह 11.05 बजे शिमला पहुंची। एलायंस एयर की फ्लाइट धर्मशाला से शिमला पहुंचने पर यहां से नई दिल्ली के लिए फ्लाइट ने सुबह 11.30 बजे उड़ान भरी और दोपहर 12.40 बजे दिल्ली पहुंची। शिमला एयरपोर्ट के एक्स हैंडल पर लिखा कि आज का दिन गर्व और खुशी का प्रतीक है, क्योंकि राजधानी शिमला एक बार हवाई सेवाओं से जुड़ गया है। शिमला स्थित जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि नई दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के बीच हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। शिमला एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लैंड होने पर वाटर सैल्यूट दिया गया और यात्रियों का भी स्वागत किया गया।

हवाई सेवाओं के बहाल होने के बाद सोमवार को पहले दिन एलायंस एयर की फ्लाइट से नई दिल्ली से 8 यात्री शिमला पहुंचे, जबकि 5 यात्री शिमला से नई दिल्ली रवाना हुए। इसके अलावा शिमला से धर्मशाला इस फ्लाइट में 2 यात्री और धर्मशाला से 5 यात्री इस फ्लाइट में शिमला पहुंचे। इन रूटों पर हवाई सेवाएं बहाल होने से अब आगामी दिनों में यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News