आम आदमी को फिर लगेगा झटका, हिमाचल में 10 रुपए महंगा होगा सीमैंट

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 12:21 AM (IST)

सोलन (नरेश पाल): प्रदेश में सीमैंट कंपनियों ने दाम बढ़ाने की तैयारी कर ली है। प्रदेश में सीमैंट के दाम 10 रुपए प्रति बैग तक बढ़ाए जा सकते हैं। कंपनियों ने अपने डीलरों को सीमैंट के 10 रुपए तक दाम बढ़ाने का मैसेज भेज दिया है। इससे पूर्व 3 दिसम्बर को भी इसी तरह का मैसेज भेजा गया था और 12 दिसम्बर को सीमैंट के दाम 5 रुपए बढ़ गए थे। हालांकि दिसम्बर माह के बाद प्रदेश में सीमैंट के दाम नहीं बढ़े हैं क्योंकि दिसम्बर माह में मालभाड़े के विवाद के चलते अडानी ग्रुप ने अम्बुजा सीमैंट व एसीसी सीमैंट उद्योग में तालाबंदी कर दी थी। अब सीमैंट कंपनियों ने पहले से ही महंगाई से परेशान आम आदमी को एक और झटका देने की तैयारी कर ली है। हालांकि सीमैंट के दामों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। अब देखना है कि प्रदेश में बनी कांग्रेस सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती है। 

सोलन में वर्तमान में सीमैंट के बैग की कीमत 440 रुपए
प्रदेश में पिछले वर्ष सीमैंट के दाम लगातार बढ़ते रहे हैं। 12 दिसम्बर को सीमैंट के 5 रुपए प्रति बैग दाम बढ़े थे। इससे पूर्व प्रदेश में 21 नवम्बर को सीमैंट के दाम 5 रुपए प्रति बैग बढ़े थे। अब 20 दिन बाद ही फिर से दाम बढ़ गए थे। सोलन में वर्तमान में सीमैंट के बैग की कीमत 440 रुपए है। यदि पूरे प्रदेश की बात करें तो 440 रुपए से 525 रुपए प्रति बैग बिक रहा है। 

5 वर्षों में 150 से 200 रुपए प्रति बैग बढ़े दाम 
पिछले करीब साढ़े 5 वर्षों में सीमैंट के दामों में 150 से 200 रुपए प्रति बैग की वृद्धि हुई है। स्थिति यह हो गई है कि पड़ोसी राज्यों में सीमैंट सस्ता है और जहां पर उत्पादन हो रहा है, उस राज्य में सीमैंट महंगा हो गया है। 

कंपनी अधिकारियों से बातचीत करेंगे : हर्षवर्धन चौहान
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि सीमैंट उद्योगों की सीमैंट के दामों में बढ़ौतरी करने की योजना की जानकारी नहीं है। वह कंपनी के अधिकारियों से इसको लेकर बातचीत करेंगे। 

सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे : बिक्रम सिंह
पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि सरकार को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि प्रदेश के लोगों पर अधिक बोझ न पड़े।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News