BJP कोर ग्रुप की बैठक में विधानसभा चुनावों के रोडमैप पर मंथन, जानिए क्या होगा टिकट आबंटन का आधार

punjabkesari.in Tuesday, Aug 09, 2022 - 11:15 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में विधानसभा चुनावों के रोडमैप पर मंथन किया गया। बैठक में फैसला लिया गया कि आगामी विधानसभा चुनावों में जीत ही टिकट का आधार होगा। इसके लिए हारने वाले विधायकों व मंत्रियों के टिकट तक काटे जा सकते हैं। यानी इनके स्थान पर जीतने वाले नए चेहरों पर पार्टी दाव खेलेगी। बैठक में नाराज चल रहे व घर छोड़कर गए पार्टी के नेताओं को मनाने की कवायद शुरू करने व सभी को एक मंच में लाने का अहम निर्णय लिया गया, साथ ही पार्टी छोड़ कर गए बागियों को संगठन में शामिल करने के रोडमैप पर भी चर्चा की गई। इसके लिए पार्टी के सभी नाराज नेताओं से पार्टी के बड़े नेता मिलेंगे। प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले भाजपा संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने में जुट गई है। भाजपा समाज के हरेक वर्ग तक पहुंच कर उनसे सीधा संपर्क साधेगी। 

होशियार सिंह व प्रकाश राणा पर चर्चा
बैठक में हाल ही में 2 निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह तथा प्रकाश राणा के पार्टी में शामिल होने के बाद से क्षेत्र के राजनीतिक असर पर विस्तृत चर्चा की गई। इन दोनों नेताओं के पार्टी में शामिल होने से पूर्व मंत्रियों रविंद्र सिंह रवि तथा गुलाब सिंह नाराज चल रहे हैं, क्योंकि ये दोनों निर्दलीय इन दोनों भाजपा नेताओं को हराकर विधानसभा पहुंचे थे। रविंद्र सिंह रवि व गुलाब सिंह के भाजपा से बाहर होने पर पार्टी को नुक्सान उठाना पड़ सकता है।

मंत्रियों-विधायकों का रिपोर्ट कार्ड पेश
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में मंत्रियों से लेकर विधायकों के रिपोर्ट कार्ड को भी पेश किया गया। सूत्रों के अनुसार बैठक में कोर ग्रुप ने सभी विधायकों की परफॉर्मैंस पर चर्चा की तथा फैसला लिया गया कि टिकट आबंटन से पहले विधायकों की परफॉर्मैंस को लेकर नए सिरे से सर्वे करवाएगी, साथ ही हर हलके में टिकट को लेकर भी सर्वे करवाने का फैसला लिया गया। 

हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा
कोर ग्रुप की बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों में विशेष रूप से चर्चा की गई, जिनमें पार्टी लंबे समय से हार रही है। सूत्रों के अनुसार बैठक में मंथन हुआ कि यदि इन हलकों में अन्य पार्टी से नेताओं को भाजपा में शामिल कर चुनाव लड़ाया जाए तो उससे कहीं अपने कार्यकत्र्ता व नेता नाराज तो नहीं होंगे। बैठक में इस पर आगे बढ़ने का भी निर्णय लिया गया।  

15 के बाद आ सकते हैं केंद्रीय नेता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशों पर हुई कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव से पहले केंद्रीय नेताओं के हिमाचल प्रवास के कार्यक्रमों पर भी अनौपचारिक चर्चा की गई। 15 अगस्त के बाद पार्टी के कई केंद्रीय नेता हिमाचल प्रवास पर आ सकते हैं। जानकारी है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 20 व 21 अगस्त को हिमाचल आने का कार्यक्रम है। नड्डा प्रदेश विश्वविद्यालय तथा अमित शाह का सिरमौर का प्रस्तावित दौरा है।

बैठक में ये रहे मौजूद
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हुई कोर ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, मंत्री राजीव सहजल, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजीव ङ्क्षबदल, सतपाल सत्ती, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल और त्रिलोक कपूर उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News