विधानसभा : बरसात समाप्त होते ही 2,502 किलोमीटर सड़कों की होगी टारिंग : विक्रमादित्य

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 06:03 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): लोक निर्माण, शहरी विकास एवं आवास विक्रमादित्य सिंह ने शून्यकाल के दौरान उठे 2 अलग-अलग विषयों का उत्तर देते हुए कहा कि बरसात समाप्ति के बाद प्रदेश में 2,502 किलोमीटर सड़कों की टारिंग होगी। इसमें सिरमौर जिला की सड़कों का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहरी विकास विभाग से संबद्ध सभी स्थानीय शहरी निकाय के अधिकारी व कर्मचारियों का वेतन विभागीय स्तर पर देने का अध्ययन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बीपीएल और आईआरडीपी पात्रता के लिए 26,500 रुपए वार्षिक आय सीमा को ग्रामीण क्षेत्रों की तर्ज पर 75,000 रुपए या इससे अधिक किए जाने पर विचार किया जाएगा। इससे पहले विधायक सुखराम चौधरी ने अपने क्षेत्र में 4 महत्वपूर्ण सड़कों की खस्ता हालत होने और इसकी टारिंग किए जाने का विषय उठाया। विधायक संजय रत्न ने शहरी निकायों की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी व कर्मचारियों काे वेतन विभाग के माध्यम से दिए जाने और शहरी क्षेत्र में बीपीएल पात्रता की वार्षिक आय सीमा को 1 लाख रुपए तक बढ़ाए जाने की मांग की।

विधायक विवेक कुमार ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों की संख्या को जोड़ने की मांग की। वहीं विधायक रीना कश्यप ने नगर पंचायत राजगढ़ में कूड़ा डंपिंग साइट न होने के कारण फैल रही गंदगी के विषय को उठाया। उन्होंने डंपिंग साइट के नाम पर 26 लाख रुपए खर्च किए जाने पर भी सवाल उठाए और इसकी जांच करवाए जाने की मांग की।

युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा है कि सरकार ओलिम्पिक सूची से बाहर खेलों में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर विचार करेगी। उन्होंने यह बात विधायक मलेंद्र राजन की तरफ से उठाए मामले के उत्तर में दी। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने विधायक राम कुमार की तरफ से उठाए मामले के उत्तर में कहा कि गंदम बीज खरीद भुगतान करने का मामला वित्त विभाग से उठाया गया है। सरकार इस विषय को फिर से उठाएगी, ताकि किसानों को इसका भुगतान किया जा सके।

मणिमहेश यात्रा सुविधा पर मंदिर ट्रस्ट की राशि खर्च करेंगे : नेगी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विधायक डा. जनक राज की तरफ से उठाए गए विषय का जवाब देते हुए कहा कि मणिमहेश यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार मंदिर ट्रस्ट से राशि का खर्च करेगी। इससे पहले विधायक डा. जनक राज ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से 3 तरह से 250 रुपए शुल्क वसूलने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए मई और जून माह से ही तैयारियां शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने कुगती में परिक्रमा मार्ग को भी बहाल करने की मांग की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News