शिमला जिला परिषद चुनाव में भाजपा का कब्जा, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर हासिल की जीत

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 01:54 PM (IST)

Shimla Zila Parishad Chunav : जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन आज यहां बचत भवन में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया उपायुक्त शिमला एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में संपन्न करवाई गई।

अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से भूपेंद्र एवं कांग्रेस की ओर से सुरेंद्र रेटका, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से भरत सिंह कलांटा एवं कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थे। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भूपेंद्र को 13 मत, जबकि सुरेंद्र रेटका को 10 मत प्राप्त हुए। मतदान के दौरान दो मत अवैध घोषित किए गए। इस प्रकार भूपेंद्र को जिला परिषद शिमला का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इसी तरह, उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भरत सिंह कलांटा को 14 मत तथा मीनाक्षी को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया। परिणामस्वरूप भरत सिंह कलांटा को जिला परिषद शिमला का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत उपायुक्त एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र तथा उपाध्यक्ष भरत सिंह कलांटा को निर्धारित शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे जिला परिषद के दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News