Sirmaur: धौलाकुआं में BJP का रोष प्रदर्शन, डॉ. राजीव बिंदल ने सरकार को दी ये चेतावनी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 07:12 PM (IST)
नाहन (आशु): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में बुधवार को धौलाकुआं में माता कटासन मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष प्रदर्शन किया। डॉ. बिंदल ने सरकार पर नाहन विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी, विकास कार्यों को रोकने और जनविरोधी नीतियां अपनाने के गंभीर आरोप लगाए।
बंद किए गए स्वास्थ्य संस्थान, खस्ताहाल सड़कें
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए दर्जनों संस्थानों को कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने विशेष रूप से धौलाकुआं के भारापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सैनवाला-मुबारिकपुर की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बंद करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नए अस्पताल बनाना तो दूर, पहले से चल रहे संस्थानों पर ताला जड़कर हजारों मरीजों को परेशानी में डाल दिया है। इसके अलावा, डॉ. बिंदल ने माता कटासन मंडल की 18 पंचायतों में सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने न तो कोई नई सड़क बनाई है और न ही कोई नया पुल। उन्होंने पांवटा साहिब-कालाअम्ब मार्ग की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि भारी वाहनों के अनियंत्रित संचालन के कारण यह मार्ग लगातार हादसों का कारण बन रहा है।
कार्यालयों को नाहन शिफ्ट करने पर जताया कड़ा विरोध
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पांवटा साहिब ब्लॉक की 13 पंचायतों से जुड़े लोगों की परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी और जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालयों को पांवटा साहिब से नाहन स्थानांतरित कर दिया गया है। भाजपा ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। डॉ. बिंदल ने आशंका जताई कि सरकार भविष्य में बिजली बोर्ड, वन विभाग, तहसीलदार और एसडीएम कार्यालयों को भी नाहन शिफ्ट कर सकती है, जिससे ग्रामीण जनता की मुश्किलें और बढ़ेंगी।
वायदों और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर युवाओं और महिलाओं से किए गए चुनावी वायदे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को नियमित सरकारी रोजगार नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही, उन्होंने बिजली बिलों की समस्या, बीपीएल सूची में विसंगतियों और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर तीखा प्रहार किया। बैठक के अंत में डॉ. बिंदल ने ऐलान किया कि भाजपा आम जनमानस को साथ लेकर कांग्रेस सरकार की इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रखेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

