Hamirpur: बमसन ब्लॉक समिति चुनाव में बड़ा ''खेला'', BJP ऑफिस से साथ निकले 15 सदस्य, फिर पलट गई पूरी बाजी!
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 12:17 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): हमीरपुर जिले के बमसन ब्लॉक समिति (टौणीदेवी) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव सोमवार को एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह की देखरेख में संपन्न हुए। इन चुनावों में जंदड़ू पंचायत की बीडीसी सदस्य पूजा देवी को चेयरमैन और पटनोंण पंचायत के बीडीसी सदस्य सुरेंद्र लगवाल को वाइस चेयरमैन चुना गया है। दोनों ने 15 सदस्यीय समिति में 10-10 मत प्राप्त कर जीत हासिल की।
इस चुनाव प्रक्रिया में अंतिम समय में एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान से पूर्व सभी 15 बीडीसी सदस्यों ने टौणीदेवी स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक कर चेयरमैन पद के लिए सुषमा देवी और वाइस चेयरमैन पद के लिए विपिन कुमार के नाम पर सहमति जताई थी। इसके बाद सभी सदस्य एक साथ कोरम के लिए गए। हालांकि, नामांकन प्रक्रिया के दौरान जंदड़ू से पूजा देवी ने सुषमा देवी के खिलाफ और पटनोंण से सुरेंद्र लगवाल ने विपिन कुमार के खिलाफ अपना नामांकन दाखिल कर दिया। मतदान के परिणाम में पूजा देवी और सुरेंद्र लगवाल को 10-10 वोट मिले, जबकि भाजपा द्वारा बैठक में तय किए गए उम्मीदवारों को मात्र 5-5 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक दलों और विजेताओं के दावों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने दावा किया है कि बमसन ब्लॉक की नवनिर्वाचित चेयरमैन कांग्रेस समर्थित हैं। इसे पर्दे के पीछे सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह की राजनीतिक रणनीति का परिणाम बताया जा रहा है। वहीं बमसन भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रो. बिक्रम राणा ने कहा कि जो लोग आधिकारिक प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़े हैं, वे कांग्रेस के हैं। उन्होंने कहा कि उनका खुद को भाजपा का बताना केवल कार्यकर्ताओं की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास है।
इन दावों के विपरीत, नवनिर्वाचित चेयरमैन पूजा देवी और वाइस चेयरमैन सुरेंद्र लगवाल ने स्वयं को भाजपा से ही जुड़ा हुआ बताया है। दोनों विजेताओं ने अपनी जीत का श्रेय हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को दिया है।
गौरतलब है कि बमसन ब्लॉक राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह वही क्षेत्र है जहां से पूर्व में भाजपा को दो बार मुख्यमंत्री मिले हैं। फिलहाल प्रशासनिक देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए इन चुनावों ने क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां और तेज कर दी हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

