हत्या या हादसा? शिमला में गहरी खाई में मिला 2 दिनों से लापता महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 01:25 PM (IST)

Shimla News: शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल के कुन्नी गांव में एक 45 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है, जो पिछले दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी। महिला के शव को निकालने के लिए प्रशासन को एनडीआरएफ की विशेष टीम की मदद लेनी पड़ी, क्योंकि शव एक अत्यंत दुर्गम और गहरी खाई में फंसा हुआ था।

दुर्गम पहाड़ी ने बढ़ाई मुश्किलें

मृतका की पहचान कृष्णा देवी, पत्नी दीवान सिंह, निवासी कुन्नी (शाहधार) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कृष्णा देवी 26 फरवरी की सुबह घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन करने के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा शुरू किए गए तलाशी अभियान के दौरान कुन्नी गांव के पास एक गहरी खाई में महिला का शव दिखाई दिया। स्थान इतना दुर्गम और पथरीला था कि स्थानीय प्रशासन के लिए शव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तुरंत ज्यूरी स्थित एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन से सहायता मांगी।

जांच में जुटी पुलिस

अंधेरा होने के कारण बुधवार को रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा। फिर गुरुवार सुबह एनडीआरएफ इंस्पेक्टर अशोक के नेतृत्व में टीम ने पुनः मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। शव को बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News