Himachal Weather: ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी और बारिश, जानें अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 10:03 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। शनिवार को हिमाचल प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखा गया। रोहतांग दर्रा, अटल टनल और लाहौल घाटी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। इसके अलावा, चंबा और रामपुर के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। हालांकि, राजधानी शिमला और राज्य के अन्य मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य और साफ बना रहा।

भूस्खलन से यातायात प्रभावित

भारी बारिश और मौसम के मिजाज के कारण प्रदेश में कई जगह भूस्खलन (Landslides) हुए हैं। सुल्तानपुर हेलिपैड के पास भूस्खलन होने से नेशनल हाईवे का एक बड़ा हिस्सा रावी नदी में बह गया। पठानकोट-भरमौर हाईवे में बत्ती दी हट्टी के पास पहाड़ी गिरने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। यह हादसा शुक्रवार देर रात हुआ। अच्छी खबर यह है कि चार दिनों की रुकावट के बाद जलोड़ी दर्रा मार्ग पर बसों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई है।

पर्यटन और खेती पर असर

लाहौल के कोकसर में बर्फबारी के बाद सैलानियों की भारी भीड़ देखी गई। पर्यटक बर्फ का आनंद ले रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसायी काफी खुश हैं।

कुल्लू जिले में हुई बेमौसम बर्फबारी बागवानों के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि इससे फसलों और फलों के बगीचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान

13 से 16 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। अगले 4 से 5 दिनों में न्यूनतम तापमान 2°C से 5°C तक बढ़ने की संभावना है। 16 और 17 अप्रैल को ऊंचाई वाले कुछ चुनिंदा इलाकों में फिर से हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News