शिमला में चाय की दुकान की आड़ में चल रहा था अफीम का काला कारोबार, महिला तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 12:13 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुमारसैन अफीम मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो चाय की दुकान चलाने के बहाने अफीम की तस्करी कर रही थी।

बैकवर्ड लिंकेज से खुला राज

हाल ही में कुमारसैन पुलिस ने 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। इस मामले की गहराई से जांच (Backward Linkage) और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सोलन जिले के कंडाघाट पहुंची। वहां "लक्ष्मी टी स्टॉल" चलाने वाली 46 वर्षीय लक्ष्मी को हिरासत में लिया गया। लक्ष्मी मूल रूप से नेपाल के लमजुंग जिले की रहने वाली है।

नेटवर्क का खुलासा और बरामदगी

पुलिस की जांच में यह सामने आया कि लक्ष्मी एक संगठित ड्रग नेटवर्क का हिस्सा थी। वह पहले पकड़े गए तस्करों को अफीम सप्लाई करती थी और उनकी मुख्य होलसेल डीलर थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 2.039 किलोग्राम अफीम भी बरामद की है।

इस पूरे मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कुल 11.5 किलोग्राम अफीम जब्त की गई है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

ठियोग में कार से 'चिट्टा' बरामद, एक युवक गिरफ्तार

अफीम के अलावा शिमला पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग 'चिट्टा' के खिलाफ भी कार्रवाई की है। 12 अप्रैल को ठियोग इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट डिज़ायर कार की तलाशी ली गई।

तलाशी और गिरफ्तारी

गवाहों की मौजूदगी में जब कार की जांच की गई, तो आरोपी कुलदीप वर्मा (निवासी नलेहा, ठियोग) के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के इन अवैध नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की जांच लगातार जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News