Shimla: सतलुज किनारे मिला 4 माह से लापता युवक का शव

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 04:05 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): जिला शिमला के थाना सुन्नी के तहत घरयाणा के पास सतलुज नदी के किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान दुर्गेश उर्फ काकू निवासी हिमरी के रूप में हुई है, जो पिछले वर्ष 21 दिसम्बर से लापता था। पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल को तत्तापानी के एक राफ्टिंग ऑप्रेटर ने नदी किनारे झाड़ियों और पेड़ों के बीच एक शव फंसे होने की सूचना दी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से गली-सड़ी अवस्था में पहुंच चुके शव को बाहर निकाला और शिनाख्त के लिए अस्पताल भेजा। दुर्गेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दिसम्बर, 2025 में दर्ज करवाई गई थी। 14 अप्रैल को परिजनों ने मृतक के कपड़ों, जूतों और कद-काठी के आधार पर उसकी पहचान की। परिजनों ने इस मामले में किसी पर भी संदेह नहीं जताया है।

प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि युवक की मृत्यु पानी में डूबने के कारण हुई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि सुन्नी-तत्तापानी मार्ग पर क्षतिग्रस्त रास्तों और घने पेड़ों के कारण अंधेरे में पैर फिसलने से यह दुखद हादसा हुआ होगा। पुलिस ने बीएनएस धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आगामी जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News