Kullu : सैंज घाटी में बादल फटने से आई बाढ़ में बही 15 वर्षीय बच्ची का शव बरामद, पिता और बुआ अभी भी लापता

punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 02:22 PM (IST)

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में 3 दिन पहने हुई बादल फटने की घटना के बाद अब सैंज घाटी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बंजार उपमंडल के जीवा नाला में बादल फटने से आई बाढ़ में बहे तीन लाेगाें में से एक बच्ची का शव बक्शाहाल स्थित नदी किनारे बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
PunjabKesari

जानकारी के अनुसार एक स्थानीय ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहा था, तभी उसकी नजर नदी में लकड़ियाें के बीच फंसी एक बच्ची के शव पर पड़ी। उसने तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचित किया, जिन्होंने मिलकर शव को बाहर निकाला। मृतक बच्ची की पहचान मूर्ति देवी (15) के रूप में हुई है, जो बिहाली गांव के नंद राम की पुत्री थी।

यह घटना तब हुई थी जब जीवा नाला में अचानक बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई थी। इस प्राकृतिक आपदा में मूर्ति देवी के साथ उनके पिता नंद लाल (72) और बुआ यान दासी (67) भी लापता हो गए थे। यान दासी दो दिन पहले ही रैला गांव से अपने दांत का इलाज करवाने सैंज आई थीं और अपने भाई नंद लाल के बिहाली गांव स्थित घर पर रुकी हुईं थीं।

डीएसपी बंजार शेर सिंह ने इस बात की पुष्टि की है कि बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नंद लाल और यान दासी की तलाश अभी भी जारी है और बचाव दल लगातार उनकी खोज में जुटे हुए हैं। इस दुखद घटना ने पूरी सैंज घाटी में शोक की लहर फैला दी है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News