Shimla: युवा और बेरोजगार विरोधी सरकार ने 2000 स्कूल बंद कर 20 हजार पद किए समाप्त : राजीव बिंदल

punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 04:57 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 2000 स्कूल बंद करके 20 हजार पदों को समाप्त कर दिया है, जिससे यह साबित होता है कि यह सरकार युवा एवं बेरोजगार विरोधी है। डाॅ. बिंदल ने यह बात शिमला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में हिमाचल प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की परिचय बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा भी उपस्थित थे।

राजीव बिंदल ने कांग्रेस के चुनावी वायदों को याद दिलाते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जिसने सत्ता में आने पर 67 हजार खाली पद भरने और हर साल 1 लाख पक्की नौकरियां देने का झूठा दावा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार नए पदों का सृजन करना तो दूर, पहले से सृजित पदों को ही समाप्त कर रही है। राजस्व, लोक निर्माण, स्वास्थ्य व जल शक्ति जैसे महत्वपूर्ण विभागों के संस्थान बंद करके पदों को बड़े स्तर पर खत्म किया गया है।

राजीव बिंदल ने सरकार की 'मित्र' योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा कि वन मित्र, रोगी मित्र और पशु मित्र जैसी योजनाएं लगाकर बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक किया जा रहा है। इससे पढ़े-लिखे युवा नौकरी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि हाऊसिंग बोर्ड में 137, बिजली बोर्ड में हजारों और विभिन्न विभागों में खाली पड़े 1.45 लाख पदों को समाप्त करके सरकार ने बेरोजगारों के हितों से खिलवाड़ किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अनेक पदों को समाप्त करने और नौकरी पर लगे कर्मचारियों को बाहर करने की कवायद चल रही है।

भाजपा के 6 मोर्चों का गठन पूरा
राजीव बिंदल ने यह भी जानकारी दी कि पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए अपने सभी 6 मोर्चों (युवा, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, किसान और ओबीसी मोर्चा) के गठन की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया है और सभी मोर्चे संगठन विस्तार के कार्य में जुट गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News