11 दिसम्बर को आक्रोश दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा : राजीव बिंदल

punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2023 - 07:30 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि 11 दिसम्बर के दिन को पार्टी प्रदेश में आक्रोश दिवस के रूप में मनाएगी। इस दिन सरकार 1 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रही है लेकिन उसके पास जश्न मनाने जैसा कुछ नहीं है। डाॅ. राजीव बिंदल यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने अपने 1 वर्ष के कार्यकाल में 1500 क्रियाशील संस्थानों को बंद कर दिया, उससे किसी तरह की बेहतरी की उम्मीद नहीं की जा सकती।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को जानकारी न होना हैरानी का विषय
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की तरफ से दिए गए बयान से यह स्पष्ट हो चुका है कि सत्ता और संगठन के स्तर पर तालमेल की कमी है।  सरकार अपने एक वर्ष के समारोह को किस स्थान पर आयोजित करने जा रही है, उसकी जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को नहीं होना हैरानी का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इस जश्न का विरोध करेगी और इस दिन सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा ने 3 बड़े राज्यों में जीत हासिल की है, उसके बाद से कांग्रेस के हौसले टूट गए हैं। देश में भी कांग्रेस से गठबंधन को कोई तैयार नहीं है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी की लोकप्रियता का ग्राफ निरंतर गिर रहा है।

शहरी बेरोजगारी में नम्बर वन राज्य बना हिमाचल : चेतन बरागटा
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता चेतन बरागटा ने दावा किया कि 3 दिसम्बर को सामने आए आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश शहरी बेरोजगारी में नम्बर वन है। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि इस डेटा के अनुसार हिमाचल का 15 से 29 वर्ष का 34 फीसदी युवा बेरोजगार है तथा ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इतना ही नहीं, प्रदेश की 15 से 29 आयु वर्ग की 49 फीसदी महिलाएं बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े उस प्रदेश के हैं, जहां पर कांग्रेस पार्टी ने एक वर्ष के भीतर 1 लाख युवाओं को रोजगार देने की झूठी गारंटी दी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि वह किस प्रकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News