Bilaspur: दुकान के ताले तोड़ चोरों ने चुराया 40 हजार का सामान

punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 04:40 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): ग्राम पंचायत कल्लर में चोरों ने सोमवार देर रात संजीव राणा की दुकान के ताले तोड़कर करीब 40 हजार रुपए का सामान उड़ा लिया। चोर दुकान से तीन गैस सिलैंडर, करीब 50 किलो चीनी, तेल की एक पेटी समेत अन्य खाद्य सामग्री लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को घटना का पता चला तो उसके होश उड़ गए। सूचना पुलिस को दी गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। कल्लर पंचायत क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

पंचायत प्रधान दीपक ठाकुर के अनुसार क्षेत्र में अब तक करीब सात चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। इसके बावजूद चोरों का सुराग नहीं लग पाने से ग्रामीणों में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। संजीव राणा की दुकान को इससे पहले भी चोर निशाना बना चुके हैं। एक ही दुकान में दोबारा चोरी होने से दुकानदारों में भी भय का माहौल है। पंचायत प्रधान व स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। एस.पी. बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News