Kangra: धर्मशाला में दलाई लामा से मिला अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल, चीन की अंतर्राष्ट्रीय दमन नीतियों पर जताई कड़ी चिंता
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 05:39 PM (IST)
धर्मशाला (नितिन): अमेरिकी कांग्रेस के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को धर्मशाला में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात की। इस अहम बैठक के दौरान अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने तिब्बती आवाम के प्रति अपना दृढ़ समर्थन दोहराया और चीन के खराब मानवाधिकार रिकॉर्ड तथा उसकी कथित अंतर्राष्ट्रीय दमन की नीतियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमेरिकी हाऊस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन ब्रायन मास्ट ने स्पष्ट किया कि चीन का रवैया और तिब्बती लोगों की स्वतंत्रता इस मुलाकात के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहे।
ब्रायन मास्ट ने चीन पर अपनी सीमाओं से बाहर भी लोगों को डराने-धमकाने और दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चीन की अंतर्राष्ट्रीय दमन की गतिविधियां बहुत व्यापक हैं और वह जहां तक संभव हो, अपना प्रभाव जमाने का प्रयास करता है। उन्होंने दलाई लामा को विश्वभर में स्वतंत्रता का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि अमेरिका भी स्वतंत्रता और लोकतंत्र के इन्हीं सिद्धांतों में दृढ़ विश्वास रखता है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस सदस्य हेली स्टीवंस ने कहा कि उनका धर्मशाला आने का मुख्य उद्देश्य तिब्बतियों की वर्तमान स्थिति की ओर वैश्विक ध्यान आकर्षित करना और उन्हें समर्थन का मजबूत संदेश देना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दुनिया तिब्बतियों के संघर्ष की कहानी और दलाई लामा के शांति व लोकतंत्र के संदेश को कभी नहीं भूलेगी।
वहीं, प्रतिनिधिमंडल के एक अन्य सदस्य जेम्स गैलाघर ने चीन से सीधी अपील करते हुए कहा कि बीजिंग को तिब्बतियों के प्रति अपना दमनकारी रवैया तत्काल समाप्त करना चाहिए। उन्होंने तिब्बतियों को आत्मनिर्णय का अधिकार देने के साथ-साथ उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता बहाल करने की मांग उठाई। इस अवसर पर कांग्रेस सदस्य जिमी पैट्रोनिस ने 91 वर्षीय दलाई लामा की बुद्धिमत्ता, उनके लंबे संघर्ष और दृढ़ता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पैट्रोनिस ने कहा कि भविष्य में बीजिंग के साथ किसी भी तरह की बातचीत या संवाद को आगे बढ़ाने के प्रयासों में दलाई लामा का व्यक्तित्व और उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

