Sirmaur: एम्बुलैंस कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, नाहन में फूंका नैशनल हैल्थ मिशन के MD का पुतला

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 04:26 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला सिरमौर में 108 और 102 एम्बुलैंस कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई है। हड़ताल के चाैथे दिन  शहर के शहीद स्मारक के नजदीक चौराहे पर कर्मचारियों ने नैशनल हैल्थ मिशन (एनएचएम) के एमडी का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ और मांगों के समर्थन ने कर्मचारियों ने नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन तेज करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। सीटू के जिला महासचिव आशीष कुमार ने बताया कि सोमवार को शिमला स्थित एनएचएम के एमडी कार्यालय के बाहर प्रदेशभर के कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

उधर 108 और 102 एम्बुलैंस कर्मचारी यूनियन के राज्य अध्यक्ष सुनील और जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से कर्मचारी शिमला पहुंचकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे। वहीं हिमाचल किसान सभा के जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि यह लड़ाई सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और श्रम अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। इस मौके पर सीटू के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष धनीराम शर्मा, स्टूडैंट्स फैडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के वंश गौतम ने भी हड़ताल का समर्थन किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News