Sirmaur: पुलबाहल-सोलन मार्ग पर खाई में समाई कार; एक साधु की गई जान, दूसरा गंभीर घायल

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 10:47 PM (IST)

राजगढ़/सिरमौर: पुलबाहल-सोलन मार्ग पर धारटूखाड़ी स्थित बनीयूरा बाबा मंदिर के समीप एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार एक साधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार देर शाम उस वक्त हुआ जब स्थानीय लोगों ने मंदिर के पीछे भुज्जल की ओर एक वाहन की लाइटें सड़क से नीचे खाई की तरफ गिरती हुई देखीं। अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीण तुरंत अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और खाई (नाले) में उतरे। नीचे जाकर उन्होंने देखा कि एक सफेद रंग की दिल्ली नंबर की कार दुर्घटनाग्रस्त पड़ी थी, जिसमें 2 साधु सवार थे। इनमें से एक साधु दर्द से बुरी तरह कराह रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने तुरंत बाहर निकाला और सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया। वहीं, दूसरा साधु कार के टायर के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत से कार को उठाया और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

मृतक राजस्थान और घायल यूपी का निवासी
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमराईनाथ निवासी सिवाना, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल साधु की पहचान महात्मा सुरावामढ़ी निवासी सुराणा, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के तौर पर हुई है। घायल महात्मा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मंजिल से कुछ ही दूरी पर मिली मौत
बताया जा रहा है कि दोनों साधु धारटूखाड़ी स्थित बनीयूरा बाबा मंदिर के दर्शन और प्रवास के लिए ही जा रहे थे। विडंबना यह रही कि अपनी मंजिल पर पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले उनका वाहन इस खौफनाक हादसे का शिकार हो गया। वहीं मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News