Sirmaur: उद्योग में तेज धमाके के साथ उड़े बॉयलर के परखच्चे; 3 करोड़ का नुक्सान, बाल-बाल बचे मजदूर

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:54 AM (IST)

कालाअम्ब (प्रताप): औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब स्थित एक शीशा निर्माण करने वाले उद्योग में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 7 बजे तकनीकी खराबी के चलते उद्योग का बॉयलर जोरदार धमाके के साथ फट गया। गनीमत यह रही कि इस भयंकर हादसे में किसी भी प्रकार का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना में उद्योग को 3 करोड़ रुपए से अधिक के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम सेफ्टी ग्लास इंडस्ट्री में रविवार सुबह की शिफ्ट में शीशा निर्माण का कार्य नियमित रूप से चल रहा था। सुबह लगभग 7 बजे अचानक तकनीकी खराबी आई और बॉयलर फट गया। धमाका इतना तेज था कि बॉयलर से जुड़ा ऊपरी धातु का भारी आवरण (कवर) अलग होकर दूर जा गिरा। इस जोरदार धमाके से उद्योग परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

PunjabKesari

राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त ड्यूटी पर मौजूद सभी कर्मचारी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों (सेफ्टी गियर) से लैस थे। इसी वजह से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। घटना में कुछ कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दे दिया गया। किसी भी कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई है।

उद्योग के सीएमडी उपेंद्र दहिया ने बताया कि तकनीकी कारणों से बॉयलर फटने की यह घटना हुई है। उन्होंने पुष्टि की है कि ड्यूटी पर मौजूद सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और कोई जनहानि नहीं हुई है। मामूली रूप से घायल कर्मचारियों की फर्स्ट एड करवा दी गई है और सभी की स्थिति सामान्य है।

PunjabKesari

वहीं, कालाअम्ब के थाना प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि उद्योग में बॉयलर फटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News