Sirmaur: पैरापिट पर सो रहा था युवक...फिर अचानक हो गया ये हादसा, पहचान में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 05:01 PM (IST)
नाहन (आशु): कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क पर त्रिलोकपुर मंदिर से पहले पालियों कट के समीप शुक्रवार को एक युवक की पैरापिट से गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पैरापिट पर सोया हुआ था और संतुलन बिगड़ने पर नीचे खाले की ओर जा गिरा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में युवक को एंबुलैंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसकी बाजू पर “धनेश्वर प्रजापति” नाम का टैटू बना हुआ है, जिसके आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि त्रिलोकपुर में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले के दौरान भी अनाऊंसमैंट करवाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। प्रथम दृष्टया युवक बाहरी क्षेत्र का प्रतीत हो रहा है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

