Sirmaur: सड़क पर काल बनकर आया कुत्ता! अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं व्यापारी की सांसें
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 04:44 PM (IST)
कालाअम्ब (प्रताप): सिरमौर जिला के उपमंडल कालाअम्ब के त्रिलोकपुर में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक घायल हो गया। मृतक की पहचान हरियाणा के जगाधरी निवासी भारत भूषण के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के जगाधरी निवासी विनोद कुमार अपने चाचा भारत भूषण और अन्य लोगों के साथ त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर के मेले में दुकान लगाने के लिए सामान लेकर ऑटो में त्रिलोकपुर मंदिर आ रहे थे। ऑटो को सुरेश कुमार नाम का चालक चला रहा था। रात करीब 9:50 बजे जब उनका ऑटो त्रिलोकपुर के पास पहुंचा, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क के बीचोंबीच आ गया। कुत्ते को बचाने के लिए चालक सुरेश ने अचानक ब्रेक लगाई और ऑटो को मोड़ने का प्रयास किया। इसी कोशिश में ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क पर बुरी तरह पलट गया।
इस हादसे में ऑटो चालक सुरेश कुमार और आगे बैठे भारत भूषण गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अन्य लोग पूरी तरह से सुरक्षित बच गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलैंस में दोनों घायलों को नाहन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल भारत भूषण ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, घायल चालक सुरेश कुमार को नाहन अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक भारत भूषण के शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस अचानक हुई मौत से मृतक के परिवार में शोक की लहर है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने इस दर्दनाक हादसे के मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस नियमों के अनुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

