Mandi: सुंदरनगर में शराब माफिया पर बड़ा एक्शन, 440 पेटी अवैध बीयर के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 07:31 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में शराब माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देहवी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 440 पेटी अवैध बीयर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि बिलासपुर फोरलेन की ओर से मंडी की तरफ आ रहे एक ट्रक में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने देहवी के पास नाका लगाया और बताए गए ट्रक को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर से टुबॉर्ग' ब्रांड बीयर की 440 पेटियां बरामद हुईं।

पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक इन बीयर की पेटियों के संबंध में कोई भी वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध बीयर और ट्रक को कब्जे में ले लिया। आरोपी चालक की पहचान 55 वर्षीय गोपाल दास पुत्र रघुराम, निवासी गांव महोटला, डाकघर बाल्ट, तहसील बल्ह व जिला मंडी के रूप में हुई है।

मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में बीयर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। एसपी ने स्पष्ट किया कि शराब माफिया और तस्करों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News