Himachal: सुंदरनगर में पकड़ी गई पड़ोसी राज्य में बिकने वाली बीयर की बड़ी खेप, जीप चालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 06:54 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शराब माफिया और तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना धनोटू की पुलिस टीम ने सुंदरनगर फोरलेन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही बीयर की 102 पेटियां बरामद की हैं। यह सारी बीयर हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब में बिक्री के लिए बनी हुई है और इस पर 'फॉर सेल इन पंजाब' का मार्का है। पुलिस ने बीयर और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी धनोटू के नेतृत्व में पुलिस दल सुंदरनगर फोरलेन पर नौलखा फ्लाईओवर के पास गश्त और यातायात चैकिंग कर रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे सुंदरनगर की तरफ से एक पिकअप जीप आई। यह जीप बंद कैबिन वाली थी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। जब पुलिस ने जीप को जांच के लिए रोका और कैबिन की तलाशी ली तो उसके अंदर भारी मात्रा में बीयर की पेटियां लदी हुई पाई गईं। गिनती करने पर कुल 102 पेटियां बीयर बरामद हुई।

पुलिस ने जब पिकअप चालक से इस भारी मात्रा में ले जाई जा रही बीयर के वैध दस्तावेज और परमिट मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब या कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीयर की खेप को जब्त कर लिया। आरोपी चालक की पहचान मनीष कुमार (33) पुत्र पवन कुमार निवासी रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। धनोटू थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने बीयर की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। चूंकि बीयर पर 'फॉर सेल इन पंजाब' का मार्का लगा है, इसलिए पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि यह खेप हिमाचल में कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस जगह पर सप्लाई किया जाना था। आरोपी चालक से कड़ी पूछताछ की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News