Bilaspur: मंडी अस्पताल का रेडियोलॉजिस्ट निकला चिट्टा तस्करी का कथित मुख्य सूत्रधार! पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 05:23 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की स्वारघाट पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रैकेट के कथित मुख्य सूत्रधार को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पेशे से डॉक्टर है और मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत है। आरोपी की पहचान डॉ. भरत भूषण निवासी गांव कसेह, डाकघर औहर, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

कॉल डिटेल्स और पूछताछ से खुला राज
यह गिरफ्तारी गत 25 सितम्बर को स्वारघाट में हुए एक ड्रग सीजर से जुड़ी है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध वाहन को चैकिंग के लिए रोका था, जिसमें सवार अमनदीप निवासी हमीरपुर और कंचन जसवाल निवासी ऊना के कब्जे से 12.4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जब उनसे गहन पूछताछ की और उनके मोबाइल फोन की डिटेल्स खंगाली तो ड्रग सप्लाई चेन की कड़ियां डॉ. भरत भूषण तक जा पहुंचीं। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि चिट्टे की उक्त खेप की सप्लाई में डॉक्टर की ही मुख्य भूमिका थी।

बाजू पर मिले इंजैक्शन के कई निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। आरोपी डॉ. भरत भूषण की बाजू पर इंजैक्शन लगाने के कई निशान पाए गए हैं। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की पुष्टि कर रही है कि इन निशानों का सीधा संबंध नशे के सेवन से है या नहीं। पुलिस मेडिकल और फोरैंसिक जांच के जरिए इस पहलू को भी स्पष्ट करने में जुटी है।

सप्लाई नैटवर्क खंगाल रही पुलिस : एसपी
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी मंडी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनात है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस पूरे नैटवर्क को खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप मूल रूप से कहां से लाई जा रही थी और आगे इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस ड्रग नैटवर्क में और कितने लोग शामिल हो सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News