Shimla: पहले साथ बैठकर पी शराब...फिर नदी किनारे ले जाकर खंजर-पत्थरों से मार डाला साथी, पुलिस ने दबाेचे 2 आराेपी

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 06:36 PM (IST)

रोहड़ू (बशनाट): शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू के तहत चिड़गांव पुलिस ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के 2 मुख्य आरोपियों को कुल्लू जिले के कसोल और मणिकर्ण क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद वहां छिपे हुए थे।

पब्बर नदी किनारे मिला था शव, बंधे हुए थे हाथ-पैर 
यह सनसनीखेज मामला 18 फरवरी को सामने आया था, जब पुलिस को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली कि पब्बर नदी के पास किलोचा नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर से खून बह रहा था। मौके पर डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान और चिड़गांव थाना पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 36 वर्षीय राकेश प्रताप उर्फ सेती राम (निवासी नेपाल) के रूप में हुई, जो बडियारा क्षेत्र में बागवानी मजदूर का काम करता था।

सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली। घटनास्थल से पुलिस को पत्थर और खंजर बरामद हुए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। साक्ष्यों के विश्लेषण से पुलिस को ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा (20) और साहबीर लुवर (21) पर शक हुआ, जो कुछ दिन पहले मजदूरी के लिए क्षेत्र में आए थे और घटना के बाद से लापता थे। 

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर मामूली कहासुनी पर कर दी हत्या
पुलिस जांच में पता चला कि 17 फरवरी की रात आरोपियों ने राकेश प्रताप के कमरे में साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद वे उसे बहाने से नदी किनारे ले गए। वहां किसी मामूली बात पर कहासुनी हुई और आरोपियों ने तैश में आकर तेजधार हथियार और पत्थरों से राकेश पर हमला कर दिया। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने पत्थर से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया और उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आधी रात काे दबिश देकर दबाेचे आराेपी
आरोपियों की लोकेशन कुल्लू जिले में ट्रेस होने के बाद शिमला पुलिस की टीम ने बीती रात कसोल और मणिकर्ण में दबिश दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके पास से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि हत्या के कारणों और अन्य साक्ष्यों को और स्पष्ट किया जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News