अब चांदी के दरवाजों से सजेगा चिंतपूर्णी दरबार, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 08, 2016 - 10:48 AM (IST)

चिंतपूर्णी : माता चिंतपूर्र्णी के दरबार में पंजाब के एक श्रद्धालु ने वापसी द्वार पर  लगाने के लिए 38 किलोग्राम चांदी दान की है। यह वही श्रद्धालु है जिसने कुछ समय पहले माता के गुम्बदों पर सवा किलो सोना लगवाया था। श्रद्धालु पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला बताया गया है। हाल ही में श्रद्धालु ने 12 लाख की लागत से निकासी द्वार पर भव्य गेट का निर्माण भी करवाया था। उसी गेट पर 4 दरवाजे लगाए जाएंगे, जिनके बाहर चांदी लगाई जाएगी। इसकी पुष्टि मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने की है। 38 किलोग्राम चांदी की कीमत लाखों में बताई गई है। चिंतपूर्णी मंदिर कार्यालय के समीप एक हाल में आजकल पंजाब के अमृतसर के कारीगरों की टीम चांदी के दरवाजे तैयार कर रही है।

 

चांदी के दरवाजों पर भी छिन्नमस्तिका मां दुर्गा और गणेश की प्रतिमाएं अंकित कर रहे हैं। कारीगरों द्वारा 2 दरवाजे तैयार कर लिए गए हैं। अमृतसर के कारीगरों ने बताया कि दरवाजों पर पहले लकड़ी के ऊपर लाख दाना लगाया जाता है, उसके पश्चात चांदी के पतरे चिपकाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि एक दरवाजे पर 12 से 13 किलो चांदी लग रही है। उन्होंने बताया कि 4 दरवाजों पर 50 किलो के करीब चांदी लगेगी, जो पंजाब के फिरोजपुर के श्रद्धालु कृष्ण मित्तल द्वारा लगवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ ही दिनों में ये दरवाजे तैयार कर दिए जाएंगे जिससे निकासी द्वार पर मंदिर की शोभा को चार चांद लग जाएंगे।

 

मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि चांदी के दरवाजे पंजाब के एक श्रद्धालु कृष्ण मित्तल द्वारा बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि न्यास द्वारा 12 किलो चांदी दरवाजों पर लगाने को दे दी गई है, बाकी चांदी श्रद्धालु द्वारा लगाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News