CM वीरभद्र का साला पृथ्वी विक्रम सेन BJP में शामिल
punjabkesari.in Sunday, Feb 21, 2016 - 11:49 AM (IST)

शिमला: कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साले पृथ्वी विक्रम सेन भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। उनके कांग्रेस छोड़ने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पृथ्वी विक्रम सेन मुख्यमंत्री वीरभद्र की धर्मपत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के भाई हैं, जो सेन वंश के राजसी परिवार से संबंध रखते हैं।
बीते विधानसभा चुनाव में उनकी भाभी विजय ज्योति सेन ने कांग्रेस से चुनाव लडऩे के लिए कसुम्पटी से टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने उनके स्थान पर अनिरुद्ध सिंह को प्रत्याशी बनाया। इस कारण विजय ज्योति सेन ने बतौर आजाद प्रत्याशी चुनाव लड़ा। उनके आजाद प्रत्याशी चुनाव लड़ने के बाद उन्हें कांग्रेस से बाहर किया गया। उसके बाद उनके परिवार के सदस्यों ने भाजपा में शामिल होने का मन बना लिया था। स्वयं पृथ्वी विक्रम सेन ने भाजपा में शामिल होने के समय आगामी समय में टिकट की इच्छा जताई है।
पृथ्वी विक्रम सेन ने संपर्क करने पर बताया कि वह नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष पार्टी में शामिल हो गए हैं। अब उनके समर्थक भी शीघ्र ही भाजपा में भारी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पहले उनके परिवार को टिकट नहीं दिया। इसके अलावा पार्टी तक से उनको निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस के खिलाफ किसी तरह का कार्य नहीं किया।
सोशल मीडिया पर मिलीजुली प्रतिक्रिया
पृथ्वी विक्रम सेन ने भाजपा में शामिल होते ही सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है। इस पर उनके समर्थकों से मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है। कुछ समर्थक उनके इस निर्णय से खुश हैं जबकि कइयों को उनको इस निर्णय से धक्का लगा है। सोशल मीडिया पर उन्होंने भाजपा के मिशन-2017 में 60 से अधिक सीटों पर जीत के लिए काम करने का समर्थन किया है।