Shimla: वीरभद्र सिंह की लिगेसी का ध्यान नहीं रखा तो हिमाचल में पार्टी को होगा नुक्सान : प्रतिभा सिंह
punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 08:19 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह की लिगेसी को ध्यान में नहीं रखा तो हिमाचल में पार्टी को नुक्सान होगा। उन्होंने दिल्ली में पार्टी आलाकमान के समक्ष अपना पक्ष रखा तथा संगठन के गठन में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बैठक में मंत्रियों ने भी आलाकमान के समक्ष खुलकर अपना पक्ष रखा, उन्हें अपनी समस्याओं से परिचित करवाया। इस दौरान सभी ने सुधार की आवश्यकता पर भी बल दिया। केंद्र में पार्टी हाईकमान के साथ बैठक के बाद प्रतिभा सिंह से मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पहली बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वन-टू-वन सभी के साथ बैठक कर सभी के विचार को गंभीरता पूर्वक जानने का प्रयास किया।
रबर स्टैंप नहीं, प्रभावशाली अध्यक्ष चाहिए
प्रतिभा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ऐसा होना चाहिए जिसकी राज्य में पहचान हो, जो रबर स्टैंप न बनकर रह जाए। उसका राज्य की राजनीति में दबदबा होना चाहिए तथा वह संगठन को समझता हो व सरकार के साथ मिलकर चले। इस पर अंतिम निर्णय हाईकमान को ही लेना है। उन्होंने कहा कि बैठक में मंत्रियों ने भी खुलकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि राज्य में बहुत अच्छी स्थिति नहीं है तथा इसमें सुधार की आवश्यकता है।
छोटी-छोटी बातों में उलझ रह जाते हैं हम
प्रतिभा ने कहा कि हाईकमान पार्टी हित में जल्द ही संगठन का गठन करे। उन्होंने कहा कि हम छोटी-छोटी बातों में उलझ कर रह जाते हैं, लेकिन भाजपा ने कार्यकर्त्ताओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी अध्यक्ष व कार्यकारिणी का गठन कर दिया है तथा पंचायत चुनावों के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। ऐसे में पार्टी हित में हाईकमान संगठन का निर्णय ले। प्रतिभा ने कहा कि उन्होंने संगठन के गठन में देरी के लिए अपनी नाराजगी भी जताई।
सक्रिय कार्यकर्त्ताओं को एडजस्टमैंट करने में हुई देरी
प्रतिभा ने कहा कि पार्टी में दिन-रात काम करने वाले कार्यकर्त्ताओं की सरकार में एडजस्टमैंट बहुत जरूरी है। इसका उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री से जिक्र किया, लेकिन पता नहीं उनकी तरफ से हमेशा ही देरी होती गई तथा वह इस पर निर्णय नहीं ले पाए। इससे पार्टी कार्यकर्त्ताओं में रोष है। राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं को जल्द एडजस्टमैंट करने का वायदा किया है।
कोई नहीं नकार सकता आलाकमान का आदेश : रोहित
उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के बीच कहा कि व्यक्तिगत रूप से पार्टी आलाकमान के आदेश को कोई नकार नहीं सकता। हालांकि सभी नेताओं ने पार्टी हाईकमान के सामने अपनी बात रखी है। वीरवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि वह वर्तमान जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं, लेकिन आलाकमान कोई भी जिम्मेदारी देता है तो वो उससे पीछे नहीं हटेंगे।