Shimla: एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी नई 1 हजार बसें, 297 ई-बसों की खरीद के आदेश जारी : मुकेश अग्निहाेत्री

punjabkesari.in Wednesday, Aug 06, 2025 - 07:54 PM (IST)

शिमला (राजेश): एचआरटीसी के बेड़े में 1 हजार नई बसें शामिल होंगी। नई बसों के आने से निगम में बसों की खल रही कमी भी दूर होगी। इन नई बसों को निगम के बेड़े में चरणबद्ध रूप से निगम में शामिल किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नई बसों की खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि 24 नई वोल्वो बसें निगम के बेड़े में शामिल हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 327 इलैक्ट्रिक बसें, 297 टाईप-1 व 30 टाईप-3, 250 डीजल बसें और 100 मिनी बसों की खरीद प्रक्रिया प्रगति पर है। 297 इलैक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए आपूर्ति आदेश कर दिए गए हैं। 

छोटी और सुविधाजनक बसों की खरीद को दी जा रही प्राथमिकता 
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए 37 से 42 सीटर क्षमता की छोटी और सुविधाजनक बसों की खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में भी परिवहन सेवाएं सुगमता से प्रदान की जा सकें। इसके अलावा 500 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। वर्तमान में निगम लगभग 3200 बसों का संचालन करता है। प्रदेश की वर्तमान सरकार द्वारा पहली बार 1000 बसों का फ्लीट बदला जा रहा है। इससे पहले किसी भी सरकार में ऐसा नहीं हुआ है। प्रतिदिन लाखों यात्री एचआरटीसी की सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। निगम राज्य के कोने-कोने तक अपनी पहुंच बनाकर जनता को सुविधा प्रदान कर रहा है।

इलैक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने को 110 करोड़ स्वीकृत
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर बल देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इलैक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए लगभग 110 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। इलैक्ट्रिक बसों की खरीद में प्रदेश सरकार की सीधी भागीदारी है, जबकि डीजल बसों की खरीद एचआरटीसी अपने संसाधनों से कर रही है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए निगम द्वारा 100 मिनी बसें खरीदी जा रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News